शहर के चार थाना क्षेत्रों में गुरुवार रात कर्फ्यू लगा देने के बाद शुक्रवार सुबह से इन क्षेत्रों में सही मायने में लॉक डाउन नजर आने लगा है। इन क्षेत्रों में दवा दुकानों को छोड़ अन्य सभी दुकानें पूरी तरह से बंद है और जगह-जगह पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। आवश्यक सेवाओं से जुड़े कुछ लोग अवश्य पुलिस की अनुमति लेकर अपने काम पर जाते नजर आए।
शहर में दो दिन के भीतर तीन अलग-अलग स्थानों से कोरोना के मरीज मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया था। इनमें से दो के सोर्स का अब तक पता नहीं चल पाया है। ऐसे में देर रात नागौरी गेट, प्रताप नगर, देव नगर व कुड़ी भगतासनी पुलिस थाना क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दिया गया। आज सुबह से लोग अपने घरों में दुबके हुए है। कर्फ्यू प्रभावित क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुलिस बल सुबह से तैनात कर दिया गया। इन क्षेत्रों में सरस डेयरी के वाहन घर-घर तक पहुंचे और उन्होंने लोगों को आवाज लगाकर दूध दिया। इसके अलावा अन्य सभी गतिविधियों पर विराम लगा हुआ है। ऐसे में इन थाना क्षेत्रों में ही लॉक डाउन प्रभावी रूप से नजर आ रहा है। जानकारी के अभाव में कुछ लोग आज सुबह रोजाना के समान कुछ खरीदारी करने बाहर निकले, लेकिन पुलिस ने उन्हें कर्फ्यू का हवाला देकर लौटा दिया। पुलिस का कहना है कि कर्फ्यू प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक घरेलू सामग्री की आपूर्ति बनाए रखने के लिए व्यवस्थाएं की जा रही है। लोगों को उनके क्षेत्र के दुकानदारों के नंबर दिए जाएंगे ताकि वे फोन कर अपने सामान का ऑर्डर दे सके। उनके घर तक इसकी आपूर्ति दुकानदार स्वयं करेंगे।
कर्फ्यू प्रभावित क्षेत्रों में अब चिकित्सा विभाग की टीम घर-घर स्क्रीनिंग का विशेष अभियान चला रही है, ताकि दो मरीजों को सोर्स तक पहुंचा जा सके। फिलहाल इनके सोर्स का पता नहीं चल पाया है।