कोरोना संक्रमित मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या ने बढ़ाई चिंता, आज मिला एक और मरीज

शहर में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती संख्या ने चिंता बढ़ा दी है। रविवार रात 3 नए मरीज सामने आने के बाद सोमवार सुबह एक और युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। नागौरी गेट क्षेत्र में कोरोना के 7 मरीज सामने आने के बाद कराए जा रहे रैंडम सर्वे के दौरान इस व्यक्ति की जानकारी मिली। इस व्यक्ति में कोरोना से जुड़ा किसी प्रकार का लक्षण नहीं था, लेकिन ट्रेवल हिस्ट्री के आधार पर जांच की गई और यह कोरोना संक्रमित पाया गया। इस तरह अब जोधपुर शहर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 21 हो चुकी है। इनमें से पांच पूरी तरह से ठीक हो चुके है। इसके अलावा ईरान से एटर लिफ्ट कर लाए गए 31 भारतीय नागरिक भी पॉजिटिव पाए गए है और उनका इलाज यहीं पर किया जा रहा है। 


नागौरी गेट क्षेत्र में 4 दिन के भीतर 7 मरीज मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में कर्फ्यू लागू कर सील कर दिया गया और घर-घर सर्वे किया जा रहा है। इस सर्वे के दौरान जानकारी मिली की हाथीराम का ओढा क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति 28 मार्च को मध्य प्रदेश से लौटा है। इस पर उसे एमडीएम अस्पताल लाकर जांच की गई। आज सुबह आई जांच रिपोर्ट में वह पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद उसके परिजनों को एम्बुलेंस भेज अस्पताल लाया गया। साथ ही पूरे क्षेत्र को सील कर घर-घर जांच अभियान शुरू किया गया है। शहर की घनी आबादी वाले नए क्षेत्र में कोरोना संक्रमित मिलने से प्रशासन की दिक्कतें बढ़ती हुई नजर आ रही है।


शहर में अब 21 कोरोना संक्रमित


जोधपुर शहर में अब तक 8 महिलाओं सहित कुल 21 कोरोना पॉजिटिव पाए गए है। इनमें से तीन तुर्की से और तीन इंग्लैंड से लौटे है। जबकि मुंबई से जोधपुर तक की ट्रेन यात्रा के दौरान तुर्की से लौटने वाले पति-पत्नी के संपर्क में आने से एक युवती संक्रमित हो गई। वहीं बुधवार को मसूरिया क्षेत्र का एक 65 वर्षीय बुजुर्ग संक्रमित पाए गए थे। गुरुवार को दो महिलाएं संक्रमित पाई गई थी। और शनिवार को एक साथ सात नए पीड़ित मिल गए। रविवार को तीन और सोमवार सुबह एक नया मरीज सामने आया।


5 जने हो चुके है ठीक


शहर में सबसे पहल करोना पॉजिटिव पाए गए हिमांशु व उसके चाचा-चाची के अलावा लंदन से लौटे द दोस्त मयंक व चंद्रभान भी पूरी तरह से ठीक हो चुके है। इनके दोनों रिपीट सैंपल निगेटिव आए है। इन्हें शीघ्र ही अस्पताल से छुट्‌टी देकर घर भेज दिया जाएगा।


ईरान से लाए 31 भारतीयों को कोरोना


जोधपुर व जैसलमेर में सेना के वेलनेस सेंटर में क्वारैंटाइन कर रखे गए 3 और भारतीय नागरिक रविवार को कोरोना पॉजिटिव पाए गए है। इन्हें मिलाकर अब तक इनकी संख्या बढ़कर अब 31 हो गई है। आज पॉजिटिव पाए गए तीनों भारतीय नागरिक जोधपुर के वेलनेस सेंटर में रह रहे थे। अब इन्हें अस्पताल शिफ्ट किया गया है। जोधपुर-जैसलमेर में रहने वाले सभी 1036 भारतीय नागरिकों के सैंपल लिए जा चुके है।