शहर के एमडीएम अस्पताल में कोरोना संदिग्ध मान कर लाया गया एक व्यक्ति सोमवार सुबह भाग निकला। उसे रविवार रात अस्पताल लाया गया था। अब उसकी तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है और सक्रियता से तलाश की जा रही है।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि आखलिया चौराहा क्षेत्र में चल रही स्क्रीनिंग के दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध मिला। वह सड़क किनारे गिरा हुआ था। पुलिस टीम ने एक एम्बुलेंस में डाल तुरंत अस्पताल पहुंचाया। उसका आज सुबह सैंपल लिया जाना था। उसके पहले आज सुबह करीब 6 बजे वह अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को धत्ता बताकर भाग निकला। मरीज के गायब होते ही वहां ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने सबसे पहले अपने स्तर पर अस्पताल परिसर में उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। बाद में पुलिस की दो टीमों को उसकी खोज में भेजा गया। साथ ही आखलिया क्षेत्र में भी पुलिस को सतर्क किया गया है।
जोधपुर संभाग में कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज एमडीएम अस्पताल में ही किया जाता है। सभी संदिग्ध मरीजों को यहां लाकर जांच की जाती है। पॉजिटिव पाए जाने पर इसके लिए बने विशेष वार्ड में शिफ्ट कर दिया जाता है। इस अस्पताल से कुछ दिन पूर्व कोरोना संदिग्ध एक युवती भी सुरक्षा व्यवस्था को गच्चा देकर भाग निकली थी। बाद में पुलिस उसके घर से पकड़ कर वापस लेकर आई। हालांकि इस युवती की जांच रिपोर्ट बाद में निगेटिव आई।